Bilaspur News; सड़कों पर दिखी एकजुटता, कलेक्टर-एसएसपी के नेतृत्व में निकला शांति मार्च; सभी वर्गों ने दिया भाईचारे का संदेश

बिलासपुर, 3 सितंबर 2026। शहर में शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए गुरुवार को बिलासपुर में शांति मार्च निकाला गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में निकले इस मार्च में विभिन्न समाजों और समुदायों के प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया।
शांति मार्च नेहरू चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी चौक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। मार्च के दौरान लोगों ने एकजुटता, आपसी सहयोग और भाईचारे का संदेश दिया। विभिन्न वर्गों की सामूहिक भागीदारी ने शहर की सामाजिक एकता और शांतिप्रिय परंपरा को मजबूती से प्रदर्शित किया।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान हमेशा से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे वाले शहर के रूप में रही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने और उसे आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति एवं सामान्य स्थिति बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों और मीडिया का महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और जिम्मेदारी से ही शहर में स्थायी रूप से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा जा सकता है।
शांति मार्च में शामिल विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों के लोगों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे से है। उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
उल्लेखनीय है कि हालिया घटनाक्रम के बाद आयोजित शांति समिति की बैठक में शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। बैठक में समिति के सदस्यों ने भी शांति व्यवस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस को हरसंभव सहयोग देने की बात कही थी।
शांति मार्च में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों एवं समुदायों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, मीडिया प्रतिनिधि, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
