Bilaspur News: साइकिल सिखाने के बहाने नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामला ग्राम नीरतू का है, जहां पीड़िता की मां ने 5 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम नीरतू निवासी 30 वर्षीय दीपक पटेल नाबालिग बच्ची को साइकिल सिखाने के बहाने रैलहा जंगल ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत मिलते ही सीपत पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार पतासाजी के दौरान आरोपी के ठिकाने का पता लगने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।