Bilaspur Central Jail: डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने ली कैदियों की अंग्रेजी की क्लास, केंद्रीय जेल को मिली कई नई सुविधाओं की सौगात


बिलासपुर, 5 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के जेल महानिदेशक (डीजी जेल) हिमांशु गुप्ता ने बुधवार को बिलासपुर केंद्रीय जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों के रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कैदियों की ली अंग्रेजी की क्लास

निरीक्षण के दौरान एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने स्वयं कैदियों की अंग्रेजी की क्लास ली। उन्होंने कैदियों को अंग्रेजी सीखने के आसान तरीके बताए, भाषा सुधार के टिप्स दिए और शिक्षा के माध्यम से बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कैदियों ने भी उनसे खुलकर बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए।

केंद्रीय जेल को मिली कई नई सुविधाएं

निरीक्षण के दौरान डीजी जेल ने केंद्रीय जेल के आधुनिकीकरण और कैदियों के कौशल विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी। इनमें जेल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन तथा एलईडी बल्ब और ट्यूबलाइट निर्माण इकाई स्थापित करने की मंजूरी शामिल है।

कैदियों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड लगाने और जेल लाइब्रेरी में टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडियन एक्सप्रेस और हितवाद जैसे प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

आरओ, रोटी मेकर और 2 हजार थाली सेट की मंजूरी

कैदियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेल परिसर में 20 आरओ वाटर प्यूरीफायर लगाने, रसोई के लिए ऑटोमेटिक रोटी मेकर मशीन उपलब्ध कराने तथा कैदियों के लिए 2,000 नए थाली सेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा महिला जेल परिसर के लिए इन्वर्टर की भी स्वीकृति प्रदान की गई।

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीजी जेल ने जेल प्रशासन को सुरक्षा, स्वच्छता, शिक्षा, कौशल विकास और कैदियों के पुनर्वास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र भी होना चाहिए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इस अवसर पर डीआईजी जेल एस.एस. तिग्गा, जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, जेल चिकित्सक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp