बिलासा एयरपोर्ट पर टायर फटने से बाल-बाल बचा विमान : DGCA ने रनवे को सुरक्षित बताया, दिल्ली ले जाकर होगी पूरी मरम्मत


बिलासपुर, 30 अगस्त 2026। चकरभाठा स्थित बिलासा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को लैंडिंग के दौरान एलायंस एयर के विमान का टायर फटने की घटना के बाद रविवार को DGCA की टीम ने जांच की। दिल्ली से पहुंचे DGCA अधिकारी धीरज कुमार ने क्षतिग्रस्त विमान के साथ पूरे रनवे का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के बाद रनवे को विमान संचालन के लिए सुरक्षित माना गया, जिसके बाद दो दिन से बंद उड़ान सेवा फिर शुरू हो गई।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई थी। दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट 7I-613 लैंडिंग के दौरान रनवे पर पहुंचते ही बाईं तरफ का टायर पंक्चर हो गया। विमान में उस समय 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। हालांकि सभी लोग सुरक्षित रहे और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

विमान और रनवे की हुई जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए DGCA अधिकारी रविवार सुबह बिलासा एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले एयरपोर्ट प्रबंधन और एलायंस एयर के अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद एप्रन में खड़े क्षतिग्रस्त विमान का निरीक्षण किया गया।

अधिकारी ने पंक्चर टायर के अलावा विमान के तकनीकी हिस्सों, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और संबंधित प्रक्रियाओं की भी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने रनवे के उस हिस्से का निरीक्षण किया, जहां लैंडिंग के बाद विमान रुका था। पूरे रनवे का जायजा लेने के बाद उन्होंने इसे विमान संचालन के लिए सुरक्षित बताया।

जांच के बाद उड़ानें हुईं शुरू

DGCA से हरी झंडी मिलने के बाद प्रयागराज से आने वाली फ्लाइट को बिलासपुर में लैंड कराया गया। इसके बाद शाम को बिलासपुर से दिल्ली के लिए भी उड़ान रवाना हुई। दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की सभी सीटें भरी हुई थीं। इस तरह घटना के कारण प्रभावित हुई विमान सेवा दो दिन बाद सामान्य हो गई।

विमान में दो नए टायर लगाए गए

क्षतिग्रस्त विमान की मरम्मत का काम एलायंस एयर के इंजीनियर कर रहे हैं। शनिवार को इंजीनियर अपने साथ दो नए टायर लेकर पहुंचे थे, जिन्हें विमान में लगा दिया गया है। दो और टायर अगले एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। इसके बाद ब्रेक और सेंसर से जुड़े जरूरी काम किए जाएंगे।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

जरूरी उपकरणों के कारण मरम्मत में परेशानी

विमान की पूरी मरम्मत बिलासपुर में करने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। जरूरी उपकरणों को यहां लाने में परेशानी होने के कारण एलायंस एयर विमान को इतनी स्थिति में लाने की कोशिश कर रही है कि वह सुरक्षित तरीके से दिल्ली तक उड़ान भर सके। इसके बाद दिल्ली की वर्कशॉप में विमान की विस्तृत मरम्मत की जाएगी और जरूरत के अनुसार उपकरण बदले जाएंगे।

ब्रेक फेल होने की आशंका, जांच के बाद सामने आएगा कारण

प्रारंभिक तौर पर विमान का टायर फटने की घटना के पीछे ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि पायलट ने पुशअप ब्रेक का इस्तेमाल कर विमान को रनवे पर सुरक्षित रोक लिया। पायलट की ओर से थोड़ी भी चूक होने पर हादसा बड़ा हो सकता था।

हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। DGCA की जांच जारी है। विमान के तकनीकी हिस्सों और रनवे दोनों की जांच की जा चुकी है। जांच पूरी होने के बाद DGCA अपनी रिपोर्ट सौंपेगा, जिसके बाद विमान का टायर फटने और ब्रेक से जुड़ी समस्या का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp