PSC अभ्यर्थी सुसाइड केस में बड़ा खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार; दूसरी युवती से संबंध बना विवाद की वजह
बिलासपुर, 12 जून 2026. जरहाभाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर PSC परीक्षा की तैयारी कर रही 23 वर्षीय छात्रा आयुषी कुर्रे उर्फ खुशी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब तीन महीने चली जांच के बाद पुलिस ने जुटाए गए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से मुलमुला सोनसरी की रहने वाली आयुषी कुर्रे ने 20 मार्च 2026 को अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आयुषी और उसके प्रेमी दीपक कुमार खांडे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि दीपक शाम के समय छात्रा के कमरे पर मौजूद था और बाद में वहां से चला गया। उसके जाने के बाद आयुषी ने कई बार उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी दीपक किसी दूसरी युवती के संपर्क में था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इस घटनाक्रम से छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की गई है। वहीं इस मामले में गिरफ्तारी के बाद आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों को लेकर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

