NEET पेपर लीक पर बिलासपुर में कांग्रेस का बड़ा हमला: कहा – छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही केंद्र सरकार, JPC या सुप्रीम कोर्ट के जज से हो जांच
बिलासपुर, 19 जून 2026। देश में NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। शुक्रवार को बिलासपुर में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर और ग्रामीण) के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
लाखों छात्रों और परिवारों की मेहनत पर फिरा पानी: सुधांशु मिश्रा
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि NEET, CBSE और व्यापम जैसी प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार बड़ी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। कभी पेपर लीक हो रहे हैं, तो कभी ऐन वक्त पर परीक्षाएं टाल दी जा रही हैं।
उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा, “हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि अब सरकार को परीक्षा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए भारतीय वायु सेना की मदद लेने की बात करनी पड़ रही है। अगर देश का सिस्टम एक पेपर सुरक्षित नहीं रख सकता और वायु सेना का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह मौजूदा शिक्षा प्रणाली की सबसे बड़ी विफलता है।” मिश्रा ने इस संवेदनशील मुद्दे पर देश के प्रधानमंत्री की चुप्पी और उदासीनता पर भी गंभीर सवाल उठाए।
कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने का खेल, हो निष्पक्ष जांच: महेंद्र गंगोत्री
वहीं, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय की कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल लाखों छात्र दिन-रात एक करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन इस तरह के घोटालों से उनका सिस्टम पर से भरोसा उठ रहा है। गंगोत्री ने कहा कि कुछ चुनिंदा लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए इस तरह के कारनामे किए जा रहे हैं, जिसकी तह तक जाना बेहद जरूरी है।
कांग्रेस ने उठाई JPC जांच की मांग
बिलासपुर कांग्रेस ने छात्रों के हित में केंद्र सरकार के सामने प्रमुख रूप से ये मांगें रखी हैं, पूरे पेपर लीक प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज या संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से कराई जाए। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं दोषियों और इस रैकेट के पीछे बैठे रसूखदारों पर तत्काल सख्त से सख्त कार्रवाई हो।
कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि वे छात्रों और अभिभावकों की आवाज को दबने नहीं देंगे। शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को लेकर सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

