छत्तीसगढ़ में ACB की बड़ी कार्रवाई: मनेंद्रगढ़ नगर पालिका में CMO और अकाउंटेंट 33 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
मनेंद्रगढ़, छत्तीसगढ़ | नगर पालिका मनेंद्रगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और अकाउंटेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों को 33 हजार रुपये की घूस लेते हुए पकड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने रिटर्निंग वॉल और सड़क निर्माण के बिल पास करने के एवज में ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कर दोनों को उनके कार्यालय से ही दबोच लिया।

इस मामले में ठेकेदार चंद्रमणि वर्मा ने सरगुजा ACB से शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले वार्ड नंबर 8, सरोवर मार्ग में सड़क निर्माण के दौरान अधिकारियों ने कमीशन की मांग की थी। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि बिल भुगतान के पहले ही 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में दिए गए थे।
ट्रैप के दौरान 33 हजार रुपये बरामद
ACB टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने उनके पास से 33 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

अंबिकापुर ले जाकर पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अंबिकापुर ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया है। फिलहाल ACB की टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस घोटाले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।











