नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से ज्यादा PM आवास पूरे, 4 लाख मकानों का निर्माण जारी


पहली कैबिनेट में 18 लाख से ज्यादा आवास का लिया गया था संकल्प, 2011 और 2018 की पात्रता सूची के सभी पात्र आवास स्वीकृत

रायपुर, 23 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत देने के अभियान को सरकार ने बड़ी उपलब्धि बताया है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मकान पूर्ण किए जा चुके हैं।

सरकार के मुताबिक, नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में ही प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और निर्माण का संकल्प लिया गया था। इसके बाद पुराने लंबित आवासों के साथ नए स्वीकृत आवासों के निर्माण को भी गति दी गई।

पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख आवास पूरे

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए गए, जिसे राज्य सरकार ने देश में सर्वाधिक बताया है। सरकार का कहना है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास का लाभ दिलाने के लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

20.40 लाख मकान पूरे, 4 लाख निर्माणाधीन

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

सरकार के अनुसार वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। अब तक कुल स्वीकृत आवासों में से 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि करीब 4 लाख आवास अभी निर्माणाधीन हैं।

सरकार का दावा है कि उसका फोकस केवल आवास स्वीकृत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्माणाधीन मकानों को जल्द पूरा कराकर हितग्राहियों को वास्तविक लाभ पहुंचाने पर है।

पुराने लंबित आवास भी सरकार के कार्यकाल में पूरे

विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार के कार्यकाल में पूर्ण किए गए 11 लाख से अधिक आवासों में केवल नए वित्तीय वर्षों के आवास शामिल नहीं हैं। पिछले वर्षों में स्वीकृत लेकिन विभिन्न कारणों से अधूरे रह गए आवासों को भी आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर पूरा कराया गया है।

उन्होंने कहा कि पुराने लंबित आवासों को प्राथमिकता देने के साथ नए स्वीकृत आवासों का निर्माण भी जारी रखा गया है। इसी के परिणामस्वरूप पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवास पूर्ण हुए हैं।

मुख्यमंत्री आवास योजना और जनमन के मकान भी शामिल

सरकार के मुताबिक, वर्तमान कार्यकाल में पूर्ण किए गए आवासों में विभिन्न योजनाओं के मकान भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 48 हजार आवासों में करीब 20 हजार पूरे हो चुके हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के करीब 23 हजार आवास भी इस अभियान का हिस्सा हैं।

विशेष परियोजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों को भी गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के अभियान में शामिल किया गया है।

सरकार का दावा—कोई पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने के संकल्प को छत्तीसगढ़ में जमीन पर उतारने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें जल्द पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास के लाभ से वंचित न रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp