छत्तीसगढ़ खबरें

टेंडर मंजूर तो 15 दिन में वर्क ऑर्डर देना होगा, PWD सचिव ने अफसरों को दी सख्त हिदायत

मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की निगरानी करने के निर्देश, खराब सड़कें उखाड़कर दोबारा बनेंगी


रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता से समझौते को लेकर अब अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की तैयारी है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन निर्माण कार्यों की निविदा मंजूर हो चुकी है, उनके लिए चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर कार्यादेश जारी किया जाए। वहीं, मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण की गुणवत्ता तथा काम की गति पर नजर रखने को कहा गया है।

सचिव मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को मंत्रालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक ली। इसमें प्रदेश के पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के मुख्य अभियंता शामिल हुए। बैठक में निर्माणाधीन भवनों, सड़कों और पुलों के साथ नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई।

वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करने पर जोर

सचिव ने कहा कि निविदा स्वीकृत होने के बाद कार्यादेश जारी करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। चयनित एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि मौजूदा वर्किंग सीजन का अधिकतम उपयोग हो सके।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 और चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा सभी कार्यों को प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में भौतिक और वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्य अभियंताओं को हर सप्ताह दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सचिव ने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए मुख्य अभियंताओं को प्रत्येक सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड में रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर समीक्षा न करें, बल्कि निर्माण स्थलों पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति देखें।

इसके अलावा अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक नियमित बैठक लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया। ठेकेदारों के काम की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने के साथ उनके लंबित भुगतान नियमित रूप से करने के निर्देश भी दिए गए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

खराब सड़कें उखाड़कर दोबारा बनेंगी

बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सचिव ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठेकेदारों द्वारा गुणवत्ताहीन काम किए जाने पर उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप अच्छी गुणवत्ता के साथ दोबारा कराया जाए।

उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों के साथ कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर फिर से बनाने के निर्देश दिए। सचिव ने निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी करने को कहा।

जन शिकायतों और लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा

बैठक में निर्माण कार्यों के अलावा विभागीय प्रशासनिक मामलों की भी समीक्षा की गई। जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की स्थिति पर चर्चा हुई।

इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और केंद्र सरकार के सीपीग्राम्स पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निराकरण की प्रगति भी देखी गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता मौजूद रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp