छत्तीसगढ़ खबरें

UCC पर CM साय का बड़ा बयान: जनजातीय समाज की परंपराओं पर नहीं पड़ेगा असर, बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की जीत


रायपुर, 26 नवंबर 2026। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर छत्तीसगढ़ में जारी चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की पहचान और विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।

संविधान गौरव दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद को लेकर भी बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सली लोकतंत्र की जगह गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन वहां की जनता ने लोकतंत्र पर अपना भरोसा कायम रखा। अब बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया दौर शुरू हो रहा है।

मुख्यमंत्री साय गुरुवार को शहीद स्मारक भवन में आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संविधान निर्माताओं, विशेषकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ ‘संविधान से सुशासन तक : बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’ पुस्तक का विमोचन भी किया।

UCC पर आदिवासी समाज को दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। इसे लेकर जनजातीय समाज की आशंकाओं पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। UCC के प्रावधानों से इन परंपराओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की जीत

नक्सलवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक बस्तर में माओवादी हिंसा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को बाधित किया। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था बनाए रखी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षाबलों के साहस और रणनीति से बस्तर में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है। अब दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

आपातकाल में 19 महीने जेल में रहे थे बड़े पिताजी

मुख्यमंत्री साय ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए अपना पारिवारिक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके बड़े पिताजी नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे। वर्ष 1975 में आपातकाल के विरोध के कारण उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा था। इस दौरान परिवार को भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए थे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा। लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को फिर से प्रारंभ किया है।

किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं को बताया संविधान की भावना का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की लोककल्याणकारी भावना को जमीन पर उतारना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समाज के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आदान सहायता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना से लाखों महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार प्रयासरत है।

संविधान केवल दस्तावेज नहीं, लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को संविधान के महत्व को समझने का अवसर मिला है।

उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज से आने वाली महिला का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचना संविधान की समान अवसर और समान अधिकार की भावना का सशक्त उदाहरण है।

मंत्री गजेंद्र यादव बोले- न्याय व्यवस्था में आया बदलाव

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की जरूरतों के अनुरूप देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था के दृष्टिकोण में बदलाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को साकार कर रही है।

राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान और उनके जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने संविधान को जीवंत दस्तावेज बताते हुए नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें
होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp