8.60 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये…CM साय ने बताया विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में विकास, निवेश और जनकल्याण को लेकर राज्य सरकार ने अपना रोडमैप सामने रखा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में तेजी से काम कर रही है। किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए आर्थिक सहायता से लेकर औद्योगिक निवेश, AI, सेमीकंडक्टर और कौशल विकास तक सरकार की प्राथमिकताओं में बदलाव दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद-छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों तक पहुंचाना है।
8.60 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, AI और सेमीकंडक्टर पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक खनिज आधारित उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और फार्मा सेक्टर में भी अपनी पहचान बना रहा है। प्रदेश को पिछले तीन वर्षों में 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें करीब 50 प्रतिशत निवेश आधुनिक तकनीक और रोजगार आधारित क्षेत्रों से जुड़े हैं।
नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क भी विकसित किए जा रहे हैं। उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से 450 से अधिक सुधार किए जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
68 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची 21,350 करोड़ से अधिक की राशि
महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। रेडी-टू-ईट का काम दोबारा महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने की पहल भी की गई है।
किसानों के लिए 3,100 रुपये में धान खरीदी
किसानों के हित में सरकार के फैसलों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचा है, उन्हें भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति का निर्णय लिया गया था। इसके साथ ही किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस दिया गया और तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई।
14 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण देने का लक्ष्य
युवाओं को रोजगार और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री AI मिशन के तहत 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है। यहां हर साल चार हजार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने की योजना है। इसके अलावा पांच हजार स्टार्टअप शुरू कराने का लक्ष्य भी रखा गया है।
बस्तर में शांति के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। बस्तर को देश के अग्रणी जनजातीय संभाग के रूप में विकसित करने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच किए जाने की जानकारी दी गई। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन शुरू हुआ है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद विद्यालयों को फिर से शुरू किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं।
38 नालंदा लाइब्रेरी, बेटियों की शिक्षा पर भी फोकस
शिक्षा के क्षेत्र में 273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से प्रदेश में 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। मेरी बेटी-मेरा अभिमान अभियान के तहत 6,671 सरकारी स्कूलों में शौचालय निर्माण की पहल की गई है। सरस्वती साइकिल योजना से 1.62 लाख बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर और डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा को मजबूत किया गया है। प्रदेश के सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं।
पर्यटन, खेल और अधोसंरचना विकास पर भी सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन के माध्यम से नई पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू किया गया है। होमस्टे नीति 2025-30 के जरिए स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के माध्यम से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की तैयारी है। अधोसंरचना विकास के तहत प्रतिदिन करीब 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि विकास की दौड़ में कोई गांव, परिवार या व्यक्ति पीछे न छूटे।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित, स्टेट हेड निधि प्रसाद सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे
