छत्तीसगढ़ खबरें

साय सरकार का बड़ा ऐलान; छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेंगे 3 लाख रुपये तक, 30 नवंबर तक करें आवेदन

साय सरकार की क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत यात्रा खर्च और खेल उपकरणों के लिए मिलेगी आर्थिक मदद, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी होंगे पात्र


रायपुर। ओलंपिक, विश्व कप, एशियाई खेल (एशियाड) और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। साय सरकार ने प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आर्थिक सहयोग देने की पहल की है। छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और उच्च गुणवत्ता वाले खेल उपकरणों के लिए अधिकतम 3 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। योजना के तहत खिलाड़ी को वास्तविक खर्च या अधिकतम 3 लाख रुपये में से जो राशि कम होगी, उतनी ही प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी।

यात्रा से लेकर खेल उपकरणों तक मिलेगी मदद

योजना का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े, यह सुनिश्चित करना है। इसके तहत प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए यात्रा व्यय और जरूरी खेल उपकरण खरीदने पर होने वाले खर्च को शामिल किया गया है।

यात्रा खर्च की गणना वास्तविक टिकट और संबंधित प्रमाणों के आधार पर होगी। वहीं, खेल उपकरणों के लिए खिलाड़ी द्वारा मांगी गई राशि या उपकरण के बाजार मूल्य में से जो कम होगा, उसे मान्य किया जाएगा। उपकरण खरीदने के लिए अभिप्रमाणित कोटेशन और सामग्री की दरों का विवरण देना अनिवार्य होगा।

छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना जरूरी

योजना का लाभ उन्हीं खिलाड़ियों को मिलेगा, जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हैं और संबंधित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए चयन पत्र और प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जाएगी। आवेदन में प्रतियोगिता का नाम, आयोजन स्थल, देश, आयोजन की अवधि और राज्य की ओर से प्रतिनिधित्व करने से जुड़ी जानकारी देना जरूरी है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

आवेदन के साथ लगाने होंगे ये दस्तावेज

पात्र खिलाड़ियों को निर्धारित आवेदन प्रारूप के साथ निम्न दस्तावेज जमा करने होंगे:

  • अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का प्रमाण पत्र और चयन पत्र।

  • वास्तविक यात्रा टिकट और संबंधित प्रमाण।

  • खेल उपकरणों का अभिप्रमाणित कोटेशन और सामग्री की दरों का विवरण।

  • प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन की प्रति।

  • छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र।

  • बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति।

  • आधार कार्ड और पासपोर्ट आकार का फोटो।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि मूल दस्तावेजों के अभाव में आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। अधूरे, निर्धारित समय के बाद प्राप्त या शर्तें पूरी नहीं करने वाले आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं। गलत जानकारी देने पर आवेदन रद्द होने के साथ पहले प्राप्त राशि लौटाने की जिम्मेदारी भी खिलाड़ी की होगी।

कहां और कैसे करें आवेदन?

इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में आवेदन और जरूरी दस्तावेजों के साथ इस पते पर भेज सकते हैं:

संचालक, संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, खेल भवन, जी.ई. रोड, रायपुर-492001।

आवेदन प्रारूप और विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है।

अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

  • 0771-2262177

  • 0771-2262178

  • ई-मेल: dir-sportsyw.cg@gov.in

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp