PM SVANidhi Award 2026: छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान, बिलासपुर समेत 3 निकाय चयनित

रायपुर, 18 नवंबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य को प्रतिष्ठित पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 के लिए चयनित किया है। छत्तीसगढ़ के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को भी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव ईशा कालिया ने 16 नवंबर को छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। मंत्रालय ने योजना के क्रियान्वयन में राज्य सरकार और संबंधित नगरीय निकायों के योगदान की सराहना की है।
20 नवंबर को दिल्ली में होगा सम्मान समारोह
नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में 20 नवंबर को सुबह 11 बजे पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ और चयनित नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा।
मंत्रालय ने राज्य सरकार और संबंधित नगरीय निकायों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
क्या है पीएम स्वनिधि योजना?
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी लगाने वाले और छोटे कारोबार से जुड़े स्ट्रीट वेंडर्स को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। इसके जरिए छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाता है।
छत्तीसगढ़ के साथ तीन नगरीय निकायों का चयन शहरी आजीविका और स्ट्रीट वेंडर्स के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
