न लाल बत्ती, न कारकेड…रायपुर पहुंचते ही स्मृति ईरानी का सादगी संदेश; 2 दिन में 12 बैठकें, 36 हारी सीटों पर नजर; Video

Raipur News: छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं। एयरपोर्ट से रवाना होते समय उन्होंने लाल बत्ती और कारकेड के बिना सामान्य वाहन से जाने की बात कही। इसके बाद वह सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उनका स्वागत किया। प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी उनके साथ पहुंचे हैं।
स्मृति ईरानी के रायपुर पहुंचते ही भाजपा संगठन में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। 25 और 26 अक्टूबर को वह संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगी। इन बैठकों में पार्टी के कामकाज की समीक्षा, सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी।
एयरपोर्ट से कार्यालय तक सादगी की चर्चा
स्मृति ईरानी के इस दौरे में उनके स्वागत और आवागमन के तरीके ने भी ध्यान खींचा। एयरपोर्ट पर भव्य शक्ति प्रदर्शन के बजाय सादगीपूर्ण स्वागत की व्यवस्था रही। गाड़ी में बैठते ही लाल बत्ती और कारकेड हटाने की बात कहने हुए वह भाजपा कार्यालय के लिए रवाना हुईं।
राजनीतिक दौरों में अक्सर सुरक्षा वाहनों और काफिले के साथ नेताओं का आवागमन देखने को मिलता है। ऐसे में स्मृति ईरानी का सामान्य वाहन से पार्टी कार्यालय पहुंचना उनके दौरे की शुरुआती चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, उनके इस कदम के पीछे किसी विशेष राजनीतिक संदेश की मंशा को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
दो दिन में 12 बैठकें, संगठन से सत्ता तक होगी समीक्षा
स्मृति ईरानी का यह छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रभारी के रूप में पहला दौरा है। दो दिनों में होने वाली बैठकों में भाजपा संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों के साथ वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा।
पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग एवं जिला प्रभारियों, पूर्व सांसदों-विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठकें निर्धारित हैं। दिन के अंत में भाजपा कोर ग्रुप के साथ चर्चा होगी।
26 अक्टूबर को विधायकों, सांसदों और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा निगम-मंडलों और आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों तथा विचार परिवार के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया जाएगा।
स्टोरी हाइलाइट्स
- स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचीं।
- एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय तक सामान्य वाहन से रवाना हुईं।
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया स्वागत।
- 25 और 26 अक्टूबर को कुल 12 बैठकें प्रस्तावित।
- वर्ष 2023 में हारी गई 36 विधानसभा सीटों की समीक्षा पर रहेगा फोकस।
- मंत्रियों के कामकाज, संगठन की सक्रियता और मिशन 2028 पर होगा मंथन।
छत्तीसगढ़ की 36 हारी सीटों पर खास नजर
भाजपा की रणनीति में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में हारी गई 36 सीटों की समीक्षा अहम विषय रहेगी। इन सीटों पर पार्टी की स्थिति, संगठन की सक्रियता, बूथ स्तर की तैयारियों और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है।
पार्टी के सामने इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की चुनौती है। बैठकों में मिले फीडबैक के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों को दिशा देने पर जोर रहेगा।
मंत्रियों के कामकाज और जमीनी फीडबैक पर भी चर्चा
समीक्षा बैठकों में मंत्रियों के विभागीय कामकाज, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठन के जमीनी फीडबैक पर भी चर्चा प्रस्तावित है। सांसदों और विधायकों से संवाद के जरिए क्षेत्रीय मुद्दों तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता का आकलन किया जा सकता है।
स्मृति ईरानी के दो दिवसीय प्रवास में संगठन और सरकार से जुड़े अलग-अलग स्तरों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। अब इन बैठकों से मिलने वाले फीडबैक और आगे तय होने वाली रणनीति पर प्रदेश भाजपा की नजर रहेगी।
