बरसात खत्म, अब सड़क निर्माण का ‘एक्शन मोड’! फोरलेन से नई सड़क तक 4 बड़े काम मंजूर, ठेकेदारों को तत्काल वर्क ऑर्डर के निर्देश


रायपुर। बरसात खत्म होते ही छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण और उन्नयन के काम तेज होने वाले हैं। लोक निर्माण विभाग ने रायगढ़ जिले में 145 करोड़ 27 लाख 56 हजार की लागत वाले चार बड़े सड़क प्रोजेक्ट्स की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें फोरलेन चौड़ीकरण, विद्युतीकरण, सड़क उन्नयन और नई सड़क निर्माण के काम शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने रायगढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

दो प्रमुख सड़कों का होगा फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण

रायगढ़ जिले में स्वीकृत चार कार्यों में दो महत्वपूर्ण मार्गों के पांच-पांच किलोमीटर हिस्से को फोरलेन में विकसित करने के साथ विद्युतीकरण किया जाएगा।

रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए ₹59 करोड़ 49 लाख 4 हजार की निविदा मंजूर हुई है। इसी तरह रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए ₹47 करोड़ 77 लाख 76 हजार की स्वीकृति दी गई है।

नई सड़क भी बनेगी

उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग में 3.40 किलोमीटर नई सड़क के निर्माण के लिए ₹13 करोड़ 74 लाख 29 हजार की निविदा स्वीकृत की गई है। वहीं कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क के 12.30 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन में उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए ₹24 करोड़ 26 लाख 47 हजार की निविदा मंजूर हुई है। इस परियोजना में सड़क के 8.30 किलोमीटर और 4 किलोमीटर के दो अलग-अलग हिस्सों को फोरलेन में विकसित किया जाएगा।

अरुण साव ने गुणवत्ता और समयसीमा पर कसा फोकस

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य विभागीय मापदंडों के अनुसार कराए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी और पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही उन्होंने कहा है कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी को सबलेट नहीं किया जाए और कार्य संपादन के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं किया जाए।

सरकारी राशि और काम की गुणवत्ता पर भी निगरानी

निर्माण कार्यों को अनुबंध में निर्धारित शर्तों के अनुसार और प्रशासकीय स्वीकृति एवं आवंटन की सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

निविदाओं के अनुमोदन के दौरान ठेकेदारों से पूरे कार्यकाल के लिए प्रभावी Additional Performance Security (APS) की बैंक गारंटी प्राप्त करने की शर्त भी रखी गई है।

यानी रायगढ़ में सड़क परियोजनाओं को सिर्फ मंजूरी ही नहीं मिली है, बल्कि काम की गुणवत्ता, समयसीमा और ठेकेदारों की जवाबदेही को लेकर भी सख्त शर्तें तय की गई हैं।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp