672 करोड़ के 24 बड़े प्रोजेक्ट मंजूर, पुल-फोरलेन से लेकर सड़क चौड़ीकरण तक काम तेज….प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय


रायपुर, 2 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में बारिश के बाद सड़क और पुल निर्माण के काम अब रफ्तार पकड़ेंगे। राज्य शासन ने प्रदेशभर में 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए की लागत वाले 24 महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कों के निर्माण से लेकर पुल, फोरलेन, सड़क उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं।

लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर बरसात के बाद निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत सड़क और पुल अधोसंरचना राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाएंगी।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने कहा है।

अरुण साव बोले- बरसात के बाद काम को मिलेगी तत्काल गति

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। विभाग ने 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है और अधिकारियों को कार्यादेश जारी कर बारिश के बाद निर्माण कार्यों को तत्काल गति देने के निर्देश दिए गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

उन्होंने कहा कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएंगे, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

24 प्रोजेक्ट में क्या-क्या शामिल?

लोक निर्माण विभाग के मुताबिक मंजूर किए गए 24 कार्यों में—

  • 7 नई सड़कों के निर्माण
  • 2 पुल एवं पहुंच मार्ग
  • 3 सड़क उन्नयन
  • 12 सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के कार्य शामिल हैं।

दुर्ग से राजनांदगांव तक बनेंगी नई फोरलेन सड़कें

दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क बनेगी। इसके लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा मंजूर हुई है।

धमतरी के आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

वहीं राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित 8 किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

इसके अलावा बिलासपुर में 17.61 किलोमीटर झाल-नगपुरा मार्ग, महासमुंद में 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मार्ग, बलरामपुर-रामानुजगंज में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क और रायगढ़ में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी मिली है।

अरपा और खारून नदी पर बनेंगे हाई लेवल ब्रिज

बिलासपुर में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग पर अरपा नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

इसी तरह चोरहादेवरी-परसदा मार्ग पर खारून नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है।

इन दोनों पुलों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने और आवागमन आसान होने की उम्मीद है।

करीब ₹79 करोड़ से तीन सड़कों का उन्नयन

तीन महत्वपूर्ण सड़क उन्नयन कार्यों के लिए कुल 78 करोड़ 96 लाख 74 हजार रुपए की निविदाएं मंजूर हुई हैं।

इसमें बलरामपुर-रामानुजगंज का 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग, रायपुर में अभनपुर के पुराने NH-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से का फोरलेन उन्नयन और रायगढ़ में 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क शामिल है।

धमतरी में कई प्रमुख मार्ग होंगे चौड़े और मजबूत

धमतरी जिले में कई महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण को मंजूरी मिली है। इनमें मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया NH-30 का 3.75 किलोमीटर हिस्सा, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा मार्ग का 5 किलोमीटर हिस्सा, 9 किलोमीटर छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग और 10 किलोमीटर अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क शामिल हैं।

इसके अलावा राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण की भी मंजूरी दी गई है।

रायगढ़ में फोरलेन के साथ होगा विद्युतीकरण

रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 59 करोड़ 49 लाख 4 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

वहीं रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण पर 47 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपए खर्च होंगे।

कांकेर से सरगुजा तक सड़क नेटवर्क को मजबूती

कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग के पुल-पुलियों सहित 36.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 85 करोड़ 83 लाख 4 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

बेमेतरा के देवकर-साजा-खम्हरिया मार्ग के 30.80 किलोमीटर हिस्से, दुर्ग के भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मार्ग के 15.50 किलोमीटर हिस्से, सरगुजा के 28 किलोमीटर सोनतराई-मैनपाट मार्ग और महासमुंद के 25.90 किलोमीटर बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण को भी स्वीकृति दी गई है।

निर्माण में लापरवाही पर रहेगी नजर

शासन ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित कार्यों की निगरानी और पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वीकृत कार्यों को सबलेट नहीं किया जा सकेगा और कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी।

कार्यपालन अभियंताओं को निर्धारित अनुबंध अवधि में काम पूरा कराने तथा प्रशासकीय स्वीकृति और उपलब्ध बजट की सीमा के भीतर अनुबंध की शर्तों के अनुसार निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp