बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों का हंगामा; ससुराल पर 1 लाख मांगने और प्रताड़ना का आरोप


बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक लाख रुपये की कथित मांग, मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

मृतका की पहचान दुर्गा निर्मलकर (26) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2022 में सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुई थी। शादी के बाद दुर्गा ने दो बेटियों को जन्म दिया। मायके वालों का आरोप है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ही उसके साथ ससुराल में कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हो गई थी।

मायके वालों का आरोप- एक लाख रुपये के लिए बनाया जा रहा था दबाव

मृतका के परिजनों का आरोप है कि दुर्गा का पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था। उनका यह भी आरोप है कि दो बेटियों को जन्म देने के बाद उसकी प्रताड़ना और बढ़ गई थी। इन्हीं आरोपों को लेकर परिजन सिम्स अस्पताल पहुंचे और वहां ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत

मृतका के भाई के मुताबिक घटना वाले दिन शाम करीब 6 बजे रोहित ने फोन कर दुर्गा के बेहोश होने की जानकारी दी। इसके बाद वह सैदा पहुंचा। परिजनों के अनुसार दुर्गा को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। सिम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा को मृत घोषित कर दिया।

गले पर निशान देखकर हत्या का आरोप

मृतका के भाई का कहना है कि दुर्गा के गले पर निशान दिखाई दिए, जिसके बाद मायके वालों ने उसकी मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

फिलहाल मौत की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले में मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बयानों के साथ अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp