जन्माष्टमी पर शराबबंदी को ठेंगा! शुष्क दिवस में Platinum Bar से चोरी-छिपे शराब बिक्री, संचालक गिरफ्तार

रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर घोषित शुष्क दिवस के बावजूद शराब बिक्री का मामला सामने आया है। मौदहापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बार से शराब के साथ बिक्री से प्राप्त नकदी भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब की बिक्री और परोसने पर पूरी तरह प्रतिबंध था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर ग्राहकों को बाहर बेची जा रही है।
सूचना मिलने के बाद मौदहापारा पुलिस ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बार से शराब बरामद की गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त नकदी भी पुलिस ने जब्त की।
पुलिस ने मामले में बार संचालक पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री का यह खेल कितने समय से चल रहा था और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
शुष्क दिवस के दौरान शराब की बिक्री का मामला सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर भी नजरें टिक गई हैं।
