CGPSC घोटाले में ED का बड़ा वार! 30 लोगों को नोटिस, अब खंगाला जाएगा पूरा कैश सिंडिकेट

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने कथित कैश सिंडिकेट की जांच के सिलसिले में करीब 30 लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। इनमें विवादित अभ्यर्थियों के अलावा NGO, एक बड़ी कंपनी और रिसॉर्ट संचालकों से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर अभ्यर्थियों से वसूली गई रकम का स्रोत क्या था और यह पैसा किन लोगों तक पहुंचा।
जमानत पर बाहर आरोपियों से भी पूछताछ
जांच एजेंसी ने इस मामले में जमानत पर बाहर चल रहे आरोपियों को भी दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया है। इनमें तत्कालीन CGPSC परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर, टामन सोनवानी के भतीजे साहिल सोनवानी, नितेश सोनवानी, शशांक गोयल और उनकी पत्नी भूमिका कटियार समेत अन्य नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि 1 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक को जमानत दी थी।
171 पदों के लिए हुई थी परीक्षा
CGPSC-2021 में 171 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रारंभिक परीक्षा 13 फरवरी 2022 को हुई थी, जिसमें 2,565 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद मई 2022 में आयोजित मुख्य परीक्षा में 509 अभ्यर्थी पास हुए। इंटरव्यू के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई थी। इसी भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच चल रही है।