Bilaspur Crime: शराब दुकान के बाहर धक्का-मुक्की पर चाकूबाजी, युवक की हत्या; CCTV ने खोला राज, नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार


बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला में शराब दुकान के बाहर मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। धक्का-मुक्की को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार हुए आरोपितों को पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पकड़ लिया। मामले में एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, हरदी निवासी राकेश प्रजापति अपने दोस्त जितेंद्र साहू के साथ हरदीकला स्थित शराब दुकान गया था। शराब लेने के दौरान उसकी कोरमी मोड़ निवासी राजा मनहर (25) और एक नाबालिग से धक्का-मुक्की हो गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। शराब दुकान के बाहर कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान आरोपितों ने राकेश के पेट के पास चाकू से वार कर दिया। चाकू लगने से राकेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।

CCTV ने दिखाया पूरा घटनाक्रम

हत्या की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने शराब दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही आरोपितों की गतिविधियों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई। CCTV और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को आरोपितों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिले।

जांच के दौरान नाबालिग की पहचान कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ में नाबालिग ने राजा मनहर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपित राजा मनहर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। मामले की जांच में एसीसीयू की तकनीकी टीम ने भी सिरगिट्टी पुलिस का सहयोग किया।

हत्या के बाद दूसरे प्रदेश भागने की थी तैयारी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद दोनों आरोपित दूसरे प्रदेश भागने की तैयारी में थे। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिले इनपुट को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपितों की लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

दोस्त ने स्वजन को दी घटना की जानकारी

घटना के समय राकेश के साथ मौजूद उसके दोस्त जितेंद्र साहू ने पुलिस को बताया कि शराब लेने के दौरान राकेश का दो युवकों से धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हुआ था।

इसके बाद दोनों युवकों ने शराब दुकान के बाहर राकेश पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद जितेंद्र ने राकेश के स्वजन को इसकी जानकारी दी। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp