बिलासा ताल में बना आकर्षक वुडन ब्रिज, पर्यटन को मिला नया आयाम…वन मंत्री केदार कश्यप किया लोकार्पण

बिलासपुर, 19 अगस्त 2026। बिलासपुर के कोनी स्थित बिलासा ताल की खूबसूरती में अब एक और आकर्षण जुड़ गया है। प्राकृतिक परिवेश के बीच 24.38 लाख रुपए की लागत से निर्मित आकर्षक वुडन ब्रिज का बुधवार को वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने लोकार्पण किया। नया ब्रिज बिलासा ताल आने वाले पर्यटकों और शहरवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा।
बिलासा ताल के प्राकृतिक परिवेश और पर्यटन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस वुडन ब्रिज का निर्माण किया गया है। इससे पर्यटकों को ताल परिसर में घूमने, प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने और आसपास के क्षेत्र को करीब से देखने की बेहतर सुविधा मिलेगी। ब्रिज के आसपास के क्षेत्र को भी पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने की दिशा में विकास किया जा रहा है।
पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
वुडन ब्रिज के निर्माण से बिलासा ताल की पर्यटन सुविधाओं में एक नया आयाम जुड़ा है। इससे पर्यटकों की सुविधा बढ़ने के साथ यहां पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। शहरवासियों के लिए भी बिलासा ताल प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरंजन का बेहतर विकल्प बनकर उभरेगा।
प्रकृति और विकास का सुंदर संगम
बिलासा ताल में तैयार किया गया वुडन ब्रिज प्रकृति और पर्यटन विकास के समन्वय का आकर्षक उदाहरण है। शासन द्वारा पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार कर उन्हें अधिक आकर्षक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे विकास कार्यों से बिलासपुर में पर्यटन की संभावनाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं जिले के प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ, पीसीसीएफ अरुण पाण्डेय, सीसीएफ मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, वन मंडलाधिकारी नीरज सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, मोहित जायसवाल सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
