CG-ट्यूशन से घर नहीं, सुनसान जगह ले जा रहा था ऑटो चालक! छात्रा की चीख सुन दौड़े ताइक्वांडो खिलाड़ी, मचा हड़कंप

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक नाबालिग छात्रा को ट्यूशन से घर पहुंचाने के बजाय सुनसान इलाके की ओर ले जाने का आरोप ऑटो चालक पर लगा है। छात्रा की सूझबूझ और समय रहते मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 13-14 वर्षीय छात्रा देर शाम ट्यूशन पढ़कर ऑटो से घर लौट रही थी। आरोप है कि घर जाने के बजाय चालक ने ऑटो को अचानक कॉलेज ग्राउंड की ओर मोड़ दिया।
खतरा भांपते ही छात्रा ने मचाया शोर
सुनसान रास्ते की ओर ऑटो जाते देख छात्रा को खतरे का अंदेशा हुआ। उसने तुरंत शोर मचाकर मदद के लिए पुकारना शुरू कर दिया। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान गया। इसी दौरान वहां मौजूद ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने स्थिति को भांपते हुए ऑटो को रोक लिया और छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला।
लोगों ने चालक को पकड़ा, पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कथित ऑटो चालक को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई भी की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
छात्रा के बयान और चालक की भूमिका की जांच
पुलिस अब छात्रा के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। ऑटो चालक ने छात्रा को किस वजह से कॉलेज ग्राउंड की ओर ले जाने की कोशिश की और उसकी वास्तविक मंशा क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल छात्रा सुरक्षित है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी।
