BJP की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के इन नेताओं की एंट्री: नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा-राम माधव की वापसी, स्मृति ईरानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की टीम का औपचारिक ऐलान कर दिया है। इस नई टीम में कई दिग्गज नेताओं की संगठन में मुख्यधारा में वापसी कराई गई है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, वरिष्ठ नेता राम माधव, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के वरिष्ठ नेता बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को संगठन में लाते हुए राष्ट्रीय महामंत्री (महासचिव) बनाया गया है।
वसुंधरा राजे और राम माधव बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में वरिष्ठ और अनुभवी चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पृष्ठभूमि से आने वाले रणनीतिकार राम माधव की भी बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में वापसी हुई है और उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा से आने वाले दिग्गज नेता बैजयंत जय पांडा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।
संगठन में स्मृति ईरानी की एंट्री, बनीं राष्ट्रीय महामंत्री
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को इस बार संगठन में बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय महामंत्री (महासचिव) बनाया गया है। संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महामंत्री का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है और स्मृति ईरानी की नई टीम में एंट्री को पार्टी की बड़ी संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ के लिए अहम नियुक्तियां
भाजपा की नई टीम में छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है. म्हस्के इससे पहले पार्टी की गतिविधियों में सोशल मीडिया और डिजिटल संचार से जुड़े कामों में सक्रिय रहे हैं. इसके अलावा भाजपा ने युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चों के लिए भी राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की है. गुजरात से डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ से रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा तथा अन्य राज्यों से नेताओं को विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को मिलेगी नई गति: नितिन नवीन
नई टीम की घोषणा के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।
नितिन नवीन ने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि टीम के सभी सदस्य, कार्यकर्ता भाव से संगठन को और अधिक सशक्त बनाते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”
