CG-कांग्रेस की धरना खत्म: Deepak Baij और TS Singh Deo ने एक-दूसरे को नारियल पानी पिलाकर खत्म कराया प्रदर्शन, बड़ी संख्या में कांग्रेसी रहे मौजूद
सूरजपुर, 27 मई 2026. सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के बाहर कांग्रेस का तीन दिनों से जारी धरना प्रदर्शन और आमरण अनशन आखिरकार समाप्त हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Deepak Baij और पूर्व डिप्टी सीएम TS Singh Deo ने एक-दूसरे को नारियल पानी पिलाकर अपना प्रदर्शन खत्म किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं का यह प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर चल रहा था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस लगातार पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रही थी। बुधवार सुबह भी धरना जारी रहा, लेकिन बाद में प्रशासन और कांग्रेस नेताओं के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया गया।

जानकारी के मुताबिक नरेंद्र जैन की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि नरेंद्र जैन की गिरफ्तारी जांच पूरी होने तक नहीं की जाएगी। साथ ही मामले की जांच अब डीएसपी रैंक के अधिकारी को सौंप दी गई है और विवेचना अधिकारी को हटा दिया गया है।
हालांकि कांग्रेस नेता विश्रामपुर थाना प्रभारी पर कार्रवाई और नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट के केस को वापस लेने की मांग पर अड़े हुए थे, लेकिन आखिरकार बीच का रास्ता निकलने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया ।

इससे पहले मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel भी विश्रामपुर पहुंचे थे। मंच से उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस तरह काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मंच पर कांग्रेस के कई पूर्व मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।











