54 जिंदगी… एक इंजन और बड़ा खतरा! बिलासपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट का इंजन हुआ फेल, 54 यात्रियों की अटकी सांसें, दिल्ली में Emergency Landing


बिलासपुर/नई दिल्ली, 11 सितंबर 2026। बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट 9I 698 में शुक्रवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेरठ के करीब विमान के एक इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

पायलट के संदेश के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन व्यवस्थाएं तैनात कर दी गईं।

करीब 2:15 बजे विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

बिलासपुर से शुरू हुआ था सफर

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। विमान करीब 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा। कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 12:33 बजे प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए विमान ने दोबारा उड़ान भरी।

मेरठ के पास अचानक आई इंजन में खराबी

दिल्ली जाते समय मेरठ के आसपास पहुंचने पर पायलट को विमान के एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। बताया जा रहा है कि विमान का बायां इंजन काम करना बंद कर गया।

हालात को भांपते हुए पायलट ने बिना देरी किए ATC को इसकी जानकारी दी और दिल्ली एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी इंतजाम शुरू कर दिए।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इंजन बंद होने की खबर से यात्रियों में तनाव

विमान में तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आने के बाद यात्रियों में तनाव की स्थिति बनी रही। यात्रियों का ध्यान लगातार विमान के इंजन की तरफ बना हुआ था। हालांकि पायलट ने स्थिति को नियंत्रित रखा और विमान को सुरक्षित दिल्ली तक पहुंचाया। 2:15 बजे विमान के रनवे पर उतरते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली।

DGCA ने दिए जांच के आदेश

घटना को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आखिर किस वजह से आई और उड़ान के दौरान इंजन के काम करना बंद करने की वास्तविक वजह क्या थी। फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि 54 लोगों को लेकर उड़ान भरने वाली फ्लाइट सुरक्षित दिल्ली पहुंच गई और बड़ा हादसा टल गया।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp