25 करोड़ की रंगदारी केस में शोएब ढेबर फरार, पुलिस की दबिश से पहले ही निकल गया; सूचना लीक, आरक्षक लाइन अटैच


रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश में रायपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस ने शोएब के पाम बेलाजिओ स्थित ठिकाने, बैरन बाजार स्थित पारिवारिक आवास समेत करीब आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से निकल चुका था।

पुलिस की कार्रवाई से पहले आरोपी के फरार होने के बाद विभागीय स्तर पर भी जांच शुरू हो गई है। इसी मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी को लाइन अटैच किया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उस पर पुलिस की दबिश से संबंधित गोपनीय जानकारी के लीक होने में लापरवाही बरतने का आरोप है। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

दूसरे राज्य में छिपे होने की आशंका, कई ठिकानों पर नजर

शोएब ढेबर के रायपुर से बाहर निकलने की आशंका के बीच पुलिस ने दूसरे राज्यों में भी उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। संभावित लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद वहां भी दबिश दिए जाने की बात सामने आ रही है।

25 करोड़ की रंगदारी का आरोप, जांच में सामने आया था शोएब का नाम

मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को वाट्सऐप के जरिए कथित तौर पर 25 करोड़ रुपए देने की धमकी दिए जाने से जुड़ा है। जांच के दौरान शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उसे छोड़ना पड़ा। इसके बाद कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश और तेज कर दी है।

फिलहाल पुलिस का फोकस शोएब ढेबर की लोकेशन ट्रेस करने के साथ-साथ यह पता लगाने पर भी है कि पुलिस की कार्रवाई की जानकारी उस तक पहले कैसे पहुंची।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp