छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में, चीन में जूनियर एशिया कप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
बिलासपुर के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मधु सिदार और गीता यादव का चयन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई

रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से गर्व की खबर है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE) की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
दोनों खिलाड़ी प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
मधु सिदार का प्रेरणादायक सफर
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2025 की हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। मधु ने इस वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी हिस्सा लिया और अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से ली। उन्होंने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। इसके बाद वर्ष 2025 में अर्जेंटीना दौरे और वर्ष 2026 में इंग्लैंड एवं स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रहीं। अब जूनियर एशिया कप में उनसे एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
दोनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं और राज्य की खेल अकादमियों की सफलता का प्रमाण माना जा रहा है। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
