अरुण साव के बयान पर भड़के शैलेश पांडेय; बोले- जनता की आवाज उठाना राजनीति नहीं, सत्ता के नशे में है सरकार

बिलासपुर, 16 जून 2026। देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के आसमान छूते दामों को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। बिलासपुर के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता शैलेश पांडेय ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर सीधा और बेहद तीखा हमला बोला है। शैलेश पांडेय ने साय सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे ‘अंधी, बहरी और गूंगी’ सरकार करार दिया है।
“क्या महंगाई से सिर्फ कांग्रेस को तकलीफ है?” – शैलेश पांडेय
पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने डिप्टी सीएम अरुण साव को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से केवल कांग्रेस पार्टी परेशान नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की आम जनता और खुद भाजपा से जुड़े परिवारों की भी बड़ी समस्या है। उन्होंने साव के बयानों पर तंज कसते हुए पूछा, “आप कहना क्या चाह रहे हैं या सिर्फ दुर्भावना वश बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर रहे हैं? क्या यह आपकी सत्ता और पद का अहंकार है?”
‘जनता की आवाज दबा रही है साय सरकार’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जब भी विपक्ष जनता की तकलीफों और बढ़ती महंगाई के मुद्दे को उठाता है, तो सत्ता में बैठे लोग उसे केवल राजनीति का चश्मा पहनकर देखते हैं।

उन्होंने कहा:”यह केवल कांग्रेस की आवाज नहीं, बल्कि प्रदेश की भोली-भाली जनता की आवाज है, जो सरकार तक पहुंचाई जा रही है। लेकिन बड़े अफसोस की बात है कि साय सरकार न तो किसी का दुख समझती है और न ही दर्द। आज देश और प्रदेश के लोग किस तरह का कष्ट भोग रहे हैं, शायद सत्ता के नशे में बैठे लोगों को इसका अंदाजा ही नहीं है।”
‘पाकिस्तान जाने की सलाह’ पर भड़के पूर्व विधायक
बयानबाजी के दौरान बिलासपुर और प्रदेश की जनता को ‘पाकिस्तान जाने’ की नसीहत दिए जाने की चर्चा पर गहरी आपत्ति जताते हुए शैलेश पांडेय ने कड़े शब्दों में कहा कि बिलासपुर की जनता अपने हक की बात कर रही है। उन्होंने डिप्टी सीएम से सवाल किया, “आप प्रदेश और बिलासपुर की जनता को पाकिस्तान जाने के लिए क्यों कह रहे हैं? वहां क्यों जाएंगे लोग? क्या आपकी सरकार पूरी तरह से अंधी, बहरी और गूंगी हो चुकी है? अगर हां, तो सरकार को यह बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लेनी चाहिए।”

बिलासपुर से रायपुर तक सियासी पारा हाई
इस तीखे राजनैतिक बयान के बाद बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के राजनैतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। कांग्रेस जहां इस मुद्दे पर साय सरकार को चौतरफा घेरने की रणनीति बना रही है, वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा भी पूर्व विधायक के इस सीधे हमले पर पलटवार करने की तैयारी में है। अब देखना होगा कि डिप्टी सीएम अरुण साव या भाजपा खेमे से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।









