10वीं-12वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर, माशिमं ने 5 साल बाद बढ़ाया परीक्षा शुल्क, अब 460 की जगह देने होंगे इतने पैसे
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के शुल्क में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। करीब 5 साल बाद परीक्षा शुल्क में संशोधन किया गया है, जिससे प्रदेश के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक असर पड़ेगा।
माशिमं द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार अब तक 460 रुपये में लिया जाने वाला परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा और अंकसूची शुल्क बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है। नई शुल्क व्यवस्था आगामी शैक्षणिक सत्र से लागू होगी।
बोर्ड सूत्रों के अनुसार शुल्क वृद्धि सिर्फ परीक्षा शुल्क तक सीमित नहीं है, बल्कि लगभग 22 अलग-अलग मदों में शुल्क संशोधित किया गया है। इसमें अतिरिक्त विषय शुल्क, विषय परिवर्तन शुल्क, स्वाध्यायी छात्रों का शुल्क, परीक्षा केंद्र परिवर्तन शुल्क सहित अन्य मद शामिल हैं।
माशिमं अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा संचालन, उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन, प्रशासनिक खर्च और तकनीकी संसाधनों की लागत में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। शुल्क वृद्धि प्रस्ताव को बोर्ड की कार्यपालिका समिति की बैठक में मंजूरी दी गई।
शुल्क बढ़ोतरी के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि पहले से ही पढ़ाई का खर्च बढ़ चुका है और अब परीक्षा शुल्क बढ़ने से आर्थिक बोझ और बढ़ेगा।
माशिमं ने छात्रों को सलाह दी है कि वे नए शुल्क ढांचे की जानकारी लेकर समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि बोर्ड परीक्षा फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।









