Trending

कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर आई सामने: मनरेगा कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी–अध्यक्ष की फोटो गायब, जिला अध्यक्ष को नोटिस


बिलासपुर। मनरेगा बचाओ संघर्ष अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर बैनर में नहीं लगाए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस लापरवाही को अनुशासनहीनता मानते हुए कांग्रेस संगठन ने बिलासपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।


कोटा में आयोजित पदयात्रा और सभा में कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ और मनरेगा बचाओ अभियान के प्रदेश समन्वयक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान जो बैनर लगाए गए, उनमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की तस्वीरें नहीं थीं। इसी को लेकर संगठन में नाराजगी सामने आई।


प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गैंदू ने गंगोत्री से तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस संगठन में नई बहस छिड़ गई है।

इधर, होटल में ब्लॉक अध्यक्ष को भोज कराने को लेकर भी चर्चा है। आरोप है कि अनुशासनहीनता के आरोपों से घिरे गंगोत्री द्वारा एक होटल में ब्लॉक अध्यक्ष और कुछ कार्यकर्ताओं को भोज दिया गया। इस पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि गुरुवार रात सड़क हादसे में जिले के एक युवा नेता की मौत हो गई थी और ब्लॉक अध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए थे, इसके बावजूद बैठक और भोज को टाला नहीं गया।


बताया जा रहा है कि सरकार में बदलाव के बाद कांग्रेस जिले और ब्लॉक स्तर पर लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में एक फरवरी को कोटा में पदयात्रा और सभा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बैनर विवाद सामने आने के बाद शिकायतें संगठन तक पहुंचीं, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
फिलहाल प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर नहीं लगाने के मामले में गंगोत्री उलझते नजर आ रहे हैं। संगठन स्तर पर जवाब-तलब के बाद अब उनके जवाब पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें
होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp