Trending

CG News: मल्हार महोत्सव की बैठक में बवाल; नगर पंचायत अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष को जड़ा थप्पड़, पार्षदों से भी गाली-गलौज


बिलासपुर, 14 मार्च 2026। बिलासपुर के मल्हार में आयोजित मल्हार महोत्सव की बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब नगर पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच तीखा विवाद हो गया। आरोप है कि बैठक के दौरान ही अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष को थप्पड़ मार दिया और पार्षदों के साथ भी गाली-गलौज की। इस घटना से बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों के बीच हड़कंप मच गया।

गौरतलब है कि बिलासपुर जिले में आयोजित होने वाले मल्हार महोत्सव की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। इसी सिलसिले में दो दिन पहले रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई थी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट, उपाध्यक्ष सुशील चौबे, नगर पंचायत के पार्षदों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम, तहसीलदार और नगर पंचायत के सीएमओ ने भी बैठक में हिस्सा लिया था।

बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान मल्हार महोत्सव के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और कार्ययोजना पर चर्चा की जा रही थी। इसी दौरान किसी मुद्दे पर चर्चा के बीच माहौल गरमा गया और नगर पंचायत अध्यक्ष धनेश्वरी केंवट ऊंची आवाज में अपनी बात रखने लगीं।

इस पर उपाध्यक्ष सुशील चौबे ने उन्हें शांत होकर अपनी बात रखने की सलाह दी। इसी बात से नाराज होकर अध्यक्ष ने कथित तौर पर बैठक के बीच ही उपाध्यक्ष को थप्पड़ जड़ दिया। अचानक हुई इस घटना से बैठक में मौजूद लोग कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए।

इसके बाद अध्यक्ष और कुछ पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज की स्थिति भी बन गई, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख बैठक में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद थमता नहीं देख आखिरकार बैठक को स्थगित करना पड़ा।

घटना के बाद उपाध्यक्ष और कुछ पार्षदों ने मामले की शिकायत भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से किए जाने की जानकारी दी है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और मामले में आगे कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें
होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp