CG Monsoon Session Day 2 Live: मानसून सत्र का दूसरा दिन, सदन में उठा जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और टंकियों का मुद्दा, डिप्टी सीएम ने दिया जवाब

रायपुर, 14 जुलाई 2026 । छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को प्रश्नकाल से शुरू हुई। सदन में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगे जा रहे हैं। उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव अलग-अलग विभागों से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे हैं।
आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों को लेकर सदन में केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रस्ताव रखेंगे। वहीं, विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति भी मांगी जाएगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न प्रतिवेदन और दस्तावेज सदन के पटल पर रखेंगे।
जल जीवन मिशन पर उठा सवाल
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक भैया लाल राजवाड़े ने कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और पानी की टंकियों के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया।
इस पर जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बताया कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 928 पानी की टंकियों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने सदन को बताया कि इनमें से 751 पानी की टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 177 टंकियों का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। सरकार शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
विधानसभा की कार्यवाही के दौरान अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगे जा रहे हैं। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच विभिन्न जनहित के विषयों पर चर्चा जारी है।
