Trending

CG Crime: 45 करोड़ के नकली नोट दिलाने का झांसा, रायपुर के कारोबारी से ₹1.13 करोड़ की ठगी; महाराष्ट्र के जालसाजों पर केस दर्ज

होटलों में कई दौर की बैठकों के बाद हुआ सौदा, रकम लेने के बाद आरोपियों ने दी नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी


रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रेडिंग व्यवसाय से जुड़े कारोबारी उमेश गुप्ता को 45 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट दिलाने का झांसा देकर महाराष्ट्र के जालसाजों ने 1.13 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। रकम लेने के बाद आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और कारोबारी को नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऐसे रचा गया करोड़ों की ठगी का खेल

पुलिस के अनुसार, उमेश गुप्ता ट्रेडिंग का व्यवसाय करते हैं। महाराष्ट्र के कुछ लोग लंबे समय से उनके संपर्क में थे और विभिन्न लेन-देन के जरिए उन्होंने कारोबारी का विश्वास जीत लिया था।

इसी दौरान आरोपियों ने असली नोट दिखाकर उन्हें नकली नोट बताने का दावा किया और कहा कि उनके पास बड़े पैमाने पर नकली नोट उपलब्ध कराने वाला नेटवर्क है। इसके बाद उन्होंने कारोबारी को 45 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट उपलब्ध कराने का लालच दिया।

रायपुर के होटलों में हुई कई बैठकें

पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित सौदे को अंतिम रूप देने के लिए तेलीबांधा थाना क्षेत्र के विभिन्न होटलों में कई दौर की बैठकें हुईं। आरोपियों ने खुद को बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही नकली नोटों की खेप उपलब्ध करा दी जाएगी। भरोसे में आकर कारोबारी ने उन्हें 1.13 करोड़ रुपये दे दिए।

रायपुर और नागपुर में ट्रांसफर की रकम

जानकारी के अनुसार, रकम मिलने के बाद आरोपियों ने उसका कुछ हिस्सा रायपुर में और शेष राशि नागपुर में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद वे कभी सुरक्षा व्यवस्था, कभी डिलीवरी तो कभी खेप आने का बहाना बनाकर कारोबारी को लगातार टालते रहे।

जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे नकली नोट के कारोबार में फंसाने की धमकी दी और पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट जांच में जुटी

धोखाधड़ी का एहसास होने पर कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp