CG-कांग्रेस नेता और पत्रकार गिरफ्तार: दुष्कर्म मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.30 लाख वसूली का आरोप, पहले भी तीन आरोपी जा चुके हैं जेल


रायपुर,13 जून 2026. रायपुर जिले के धरसींवा थाना क्षेत्र के चर्चित सिलयारी नाबालिग दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कांग्रेस नेता और एक पत्रकार को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मामले को दबाने और समझौता कराने के नाम पर आरोपित पक्ष से रकम वसूलने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में कांग्रेस नेता सूरज ठाकुर और पत्रकार सैफी खान शामिल हैं। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

समझौते के नाम पर 1.30 लाख रुपये वसूली का आरोप

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि नाबालिग दुष्कर्म मामले को दबाने और समझौता कराने के नाम पर कुल 1.30 लाख रुपये की वसूली की गई थी। आरोप है कि इस रकम के लेन-देन में गिरफ्तार दोनों आरोपितों की भूमिका थी और राशि ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की गई थी।

इससे पहले पुलिस पीड़िता के दादा और दो कथित बिचौलियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है। जांच के दौरान पीड़िता के दादा के कब्जे से 1 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए थे। पुलिस का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए आरोपित पक्ष से रकम ली गई थी।

पुलिस कार्रवाई पर उठाए थे सवाल

जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार कांग्रेस नेता सूरज ठाकुर ने पीड़िता के दादा के साथ मिलकर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसी प्रकरण के दौरान सिलयारी चौकी प्रभारी जितेंद्र दुबे पर भी आरोप लगे थे। बाद में मामले की विवेचना में लापरवाही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

वीडियो और ऑडियो साक्ष्यों से बदली जांच की दिशा

मामले की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 को दर्ज शिकायत से हुई थी। प्रारंभिक जांच में नाबालिग बालिका द्वारा अपराध से इंकार किए जाने के कारण प्रकरण बंद करने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वीडियो और ऑडियो सामने आए, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।

नए सिरे से जांच में पुलिस ने पहले दुष्कर्म के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो मामले को दबाने के लिए कथित लेन-देन और समझौते की कोशिशों की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि रकम के लेन-देन से जुड़े वीडियो साक्ष्य भी उसके पास मौजूद हैं।

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान

सिलयारी प्रकरण को छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी गंभीरता से लिया है। आयोग ने सोशल मीडिया और समाचार रिपोर्टों के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है।

आयोग ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी रायपुर को पीड़िता का बयान दर्ज कर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़िता और उसके अभिभावकों को 15 जून को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

आयोग मामले में पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम तथा अन्य कानूनी प्रावधानों के पालन की भी समीक्षा करेगा।

जांच जारी, और गिरफ्तारी की संभावना

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में वित्तीय लेन-देन, कथित बिचौलियों की भूमिका और अन्य संबंधित व्यक्तियों की संलिप्तता की जांच अभी जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

सिलयारी का यह मामला अब केवल दुष्कर्म प्रकरण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि मामले को दबाने, साक्ष्यों को प्रभावित करने और कथित वसूली के आरोपों के चलते इसकी संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp