बिलासपुर में खूनी संघर्ष: फरसा-बुलेट के साथ महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, पुराने विवाद में हुई थी खूनी झड़प, तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल फरसा और बुलेट जब्त

बिलासपुर, 06 अगस्त 2026। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा में दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया फरसा और बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की शाम चिंगराजपारा स्थित सूर्या चौक के पास पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई। इस दौरान फरसा और चापड़ जैसे धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद घायल पक्ष की शिकायत पर सरकंडा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संध्या सिंह ठाकुर, उमेश वर्मा उर्फ लिल्ले उर्फ राजा और जग्गू दास मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फरसा और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि शहर में हथियारों के बल पर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
