Bilaspur News: मासूमों के रोने से खुला कमरे का दरवाजा, फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी; बिलासपुर में दर्दनाक घटना

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर-12 स्थित किराए के मकान में पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना का पता उस वक्त चला, जब कमरे से दोनों मासूम बच्चों के लगातार रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक कमरे तक पहुंचे और अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए।
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचा मकान मालिक
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे किराए के मकान से दो बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज आ रही थी। मकान मालिक रमेश कुमार साहू आवाज सुनकर कमरे के पास पहुंचे। अंदर झांकने पर उन्होंने पति-पत्नी को एक ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और मृतकों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची।
अनूपपुर के रहने वाले थे दंपति
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के जामकछार के रहने वाले थे। वे बिलासपुर में अपने दो छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। बताया गया है कि रमेश सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था और परिवार का पालन-पोषण करता था।
पुलिस और FSL ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिरगिट्टी थाना पुलिस के साथ FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
आत्महत्या की वजह अभी सामने नहीं आई
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि दंपति ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। आर्थिक परेशानी, पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस वक्त माता-पिता ने यह कदम उठाया, उस समय दोनों बच्चे कमरे में ही थे। उनके रोने की आवाज ने ही मकान मालिक का ध्यान कमरे की ओर खींचा, जिसके बाद घटना का पता चला।
फिलहाल बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
