संसद में बड़े सियासी घमासान की तैयारी! कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के सांसदों को दिल्ली बुलाया, 29 नवंबर की डेडलाइन
30 नवंबर से शुरू होगी लोकसभा की बैठक, 2 दिसंबर से राज्यसभा में कामकाज; महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर सरकार के संभावित विधायी कदमों को लेकर कांग्रेस सतर्क

रायपुर। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के अपने सभी सांसदों को दिल्ली पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने को कहा है। छत्तीसगढ़ के सांसदों को भी कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत की ओर से दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, संसद का आगामी सत्र राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि सरकार ने आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।
महिला आरक्षण और परिसीमन पर नजर
संसद की इस बैठक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी प्रस्तावों को लेकर है। माना जा रहा है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।
हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक सदन के विस्तृत एजेंडे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसके बावजूद इन मुद्दों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस इन प्रस्तावों पर अपनी रणनीति तैयार करने में जुटी है।
सोनिया गांधी की अध्यक्षता में रणनीति बैठक
विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने अपनी संसदीय रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। 27 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में संसद के भीतर पार्टी की रणनीति, महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का रुख तय किए जाने की संभावना है।
मानसून सत्र की ही आगे बढ़ाई गई कार्यवाही
संसद की आगामी बैठक तकनीकी रूप से नया सत्र नहीं, बल्कि मानसून सत्र की आगे बढ़ाई गई कार्यवाही है। मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन इसे औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था। अब लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाई गई है।
कांग्रेस की ओर से सांसदों को पहले ही दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए जाने से स्पष्ट है कि पार्टी इस बैठक को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती। महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर संसद में होने वाली चर्चा के बीच छत्तीसगढ़ के सांसदों की मौजूदगी भी महत्वपूर्ण रहने वाली है।
