CM हेल्पलाइन की शिकायतें दबाए बैठे थे अधिकारी, कलेक्टर ने तहसीलदार समेत 3 को थमाया नोटिस
बलौदाबाजार में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर प्रशासन सख्त; कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तीन दिन में मांगा जवाब, सिमगा तहसीलदार, PHE के कार्यपालन अभियंता और जनपद CEO पर कार्रवाई

बलौदाबाजार। आम जनता की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतना अधिकारियों को भारी पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को निर्धारित समय-सीमा में और संतोषजनक तरीके से हल नहीं करने पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एक तहसीलदार सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
नोटिस पाने वालों में तहसीलदार सिमगा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के कार्यपालन अभियंता और जनपद पंचायत बलौदाबाजार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शामिल हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों से पूछा है कि शासन की ओर से तय समय-सीमा और स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शिकायतों का निराकरण क्यों नहीं किया गया।
समीक्षा बैठक में निर्देश, फिर भी नहीं सुधरी स्थिति
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 पर आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराते हैं। इन शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों की आईडी पर भेजा जाता है, ताकि तय समय-सीमा में उनका निराकरण किया जा सके।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों की आईडी में शिकायतें लंबित रहीं। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तीन दिन में देना होगा जवाब
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस का जवाब तीन दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी कामकाज में जवाबदेही तय करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
CM साय की मंशा के अनुरूप शिकायतों के समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि आम नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतें दर्ज कर उनके समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण की व्यवस्था की गई है।
ऐसे में शिकायतों को लंबित रखना और उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण नहीं करना शासन की इस व्यवस्था के उद्देश्य पर सवाल खड़े करता है। कलेक्टर की ताजा कार्रवाई से जिले के अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
