छत्तीसगढ़ में सरकारी सेवाएं हुईं आसान, सेवा सेतु पर मिल रहीं 38 विभागों की 939 सुविधाएं

Raipur. छत्तीसगढ़ में सरकारी कामकाज को आसान बनाने के लिए प्रदेश सरकार डिजिटल व्यवस्था को मजबूत कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई ‘सेवा सेतु’ पहल इसी दिशा में एक अहम कदम है। इसका मकसद है कि लोगों को जरूरी सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों में न जाना पड़े और उनके आवेदन पर समय पर कार्रवाई हो सके।
दूरदराज के इलाकों के लोगों को फायदा
ग्रामीण इलाकों में सेवा केंद्र लोगों की मदद करते हैं। यहां लोग जरूरी सेवाओं के लिए आवेदन करने और डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने में सहायता ले सकते हैं। इससे ग्रामीण और दूरदराज के वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है। उन्हें ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया समझने या उसे पूरा करने के लिए अकेले परेशान नहीं होना पड़ता।
कामकाज को आसान बनाने पर जोर
सेवा सेतु का उद्देश्य सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन लेने तक सीमित नहीं है। इसके जरिए आवेदनों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने, उनकी स्थिति पर नजर रखने और कामकाज को व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे यह पता लगाने में मदद मिलती है कि आवेदन किस स्तर पर है और उस पर आगे क्या कार्रवाई होनी है।
सरकार की इस पहल से सरकारी कामकाज को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में मदद मिल रही है। साथ ही, अधिकारियों और कर्मचारियों के जुड़ने से आवेदन की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संचालित करने का आधार तैयार हुआ है।
सेवा केंद्रों की भी अहम भूमिका
हर व्यक्ति के पास स्मार्टफोन, इंटरनेट या ऑनलाइन आवेदन करने का अनुभव हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए सेवा सेतु में डिजिटल व्यवस्था के साथ सेवा केंद्रों का नेटवर्क भी महत्वपूर्ण है। ऑनलाइन सेवाओं और इन केंद्रों की मदद से लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायता मिलती है।
प्रदेश सरकार का प्रयास है कि सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। सेवा सेतु इसी सोच के साथ सरकारी व्यवस्था को आम नागरिक के करीब लाने की पहल है। कुल मिलाकर, 38 विभागों की 939 सेवाओं को ऑनलाइन जोड़ना और प्रदेशभर में 16 हजार 773 सेवा केंद्रों का नेटवर्क तैयार करना सरकारी सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
केस 01
आवेदन करने के चार दिन में मिला प्रमाण-पत्र
विवाह पंजीयन की प्रक्रिया को सेवा सेतु पोर्टल ने सरल और सुविधाजनक बना दिया है। खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के ग्राम ठाकुरटोला निवासी नवविवाहित दंपती का विवाह पंजीयन आवेदन करने के महज चार दिन बाद अनुमोदित हो गया। ऑनलाइन आवेदन से प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तक की यह प्रक्रिया नागरिक सेवाओं में डिजिटल व्यवस्था की उपयोगिता का एक बेहतरीन उदाहरण है।
नवविवाहित दंपती गणपत धुर्वे और हंसलेखा धुर्वे का विवाह 27 मार्च 2026 को हुआ था। पंजीयन के लिए उन्होंने 16 अक्टूबर 2026 को लोक सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया। संबंधित विवाह पंजीयक कार्यालय ने 20 अक्टूबर 2026 को आवेदन अनुमोदित कर डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी कर दिया।
केस 02
सेवा सेतु से दो दिन में बना आय प्रमाण-पत्र
छत्तीसगढ़ सरकार की सेवा सेतु पहल से ग्राम कोईलारा के आंचल सिंह को राहत मिली है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड के रहने वाले आंचल सिंह ने आय प्रमाण-पत्र के लिए सेवा सेतु के माध्यम से आवेदन किया था। उन्हें महज दो दिनों में प्रमाण-पत्र मिल गया।
आय प्रमाण-पत्र शिक्षा, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी होता है। ऐसे में कम समय में दस्तावेज मिलने से आंचल को राहत मिली और उन्हें लंबे इंतजार से बचने में मदद मिली। आंचल सिंह ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए सेवा सेतु को आम लोगों के लिए एक उपयोगी पहल बताया है।
