CG Teacher Bharti 2026: सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की आई नई तारीख, 15 अक्टूबर से भर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन…परीक्षा की तारीख भी घोषित
हाईकोर्ट के आदेश के बाद आवेदन विंडो दोबारा खुलेगी, सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती के लिए दिसंबर में होंगी परीक्षाएं

रायपुर. छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है. इसके तहत पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. विस्तार न्यूज को अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक का समय दिया गया है. यह निर्णय छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के पालन में लिया गया है. (CG Teacher Bharti Exam Date 2026)
मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त संशोधित प्रस्ताव के आधार पर दोनों भर्ती परीक्षाओं के विस्तृत विज्ञापन में दिव्यांगता की पात्र श्रेणियों को शामिल किया है. इससे पहले सहायक शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 24 जुलाई से 21 अगस्त और शिक्षक भर्ती के लिए 7 अगस्त से 2 सितंबर तक निर्धारित थी.
सहायक शिक्षक भर्ती में तीन श्रेणियां शामिल
सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा (एलएसएटी-26) के लिए दृष्टिबाधित, बधिर और सेरेब्रल पाल्सी से संबंधित पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है. इनके लिए ऑनलाइन आवेदन 15 अक्टूबर से शुरू होंगे और 30 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक भरे जा सकेंगे. आवेदन में सुधार 31 अक्टूबर से 2 नवंबर की शाम 5 बजे तक किया जा सकेगा.
शिक्षक भर्ती में विषयवार दिव्यांगता श्रेणियां जोड़ीं
शिक्षक भर्ती परीक्षा (एलएसटी-26) के अंतर्गत हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषयों के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी आवेदन दोबारा शुरू किए जा रहे हैं.
भाषा समूह के हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान विषयों में दृष्टिबाधित तथा सेरेब्रल पाल्सी से संबंधित पात्र अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है. गणित विषय के लिए दोनों हाथों से संबंधित दिव्यांगता, हल्की श्रेणी का ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित अभ्यर्थियों को पात्र श्रेणियों में शामिल किया गया है. कृषि विषय के लिए सेरेब्रल पाल्सी और कुष्ठ रोग से उपचारित अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है.
दोनों परीक्षाओं की तारीख तय
छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 6 दिसंबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी. वहीं शिक्षक भर्ती परीक्षा 20 दिसंबर 2026, रविवार को होगी. दोनों परीक्षाएं सभी अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी. परीक्षा केंद्र प्रदेश के 16 जिला मुख्यालयों में बनाए जाएंगे.
वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी
पात्र दिव्यांग अभ्यर्थी आवेदन की प्रक्रिया, विषयवार पात्रता और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://vyapamcg.cgstate.gov.in और https://cgssb.cgstate.gov.in पर देख सकते हैं. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का संशोधित विज्ञापन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है.
