बिलासपुर में PM आवास की फिनिशिंग देख भड़के प्रमुख सचिव, बोले—15 दिन में कमियां दूर करो; ई-बस प्रोजेक्ट भी जांचा
बिलासपुर में निर्माणाधीन PM ई-बस टर्मिनल और चार्जिंग स्टेशन का भी लिया जायजा; 12 रूटों पर चलेंगी 50 AC इलेक्ट्रिक बसें
बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना और PM ई-बस सेवा के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स की प्रगति और गुणवत्ता जांचने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने मंगलवार को बिलासपुर का दौरा किया। उन्होंने सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए मकानों और कोनी में निर्माणाधीन PM ई-बस टर्मिनल एवं चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान PM आवास परिसर में कई काम अधूरे मिलने पर प्रमुख सचिव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरे फिनिशिंग कार्यों को जल्द पूरा किया जाए और 15 दिनों बाद प्रगति की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
टाइल्स और फिनिशिंग अधूरी मिली, अधिकारियों से जवाब-तलब
सकरी में PM आवास योजना के AHP घटक के तहत तैयार किए गए आवासों का निरीक्षण करते हुए प्रमुख सचिव ने कई बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ फ्लोर पर टाइल्स नहीं लगे थे और फिनिशिंग का काम भी अधूरा पाया गया।
इस पर उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने किचन और प्लेटफॉर्म के आकार, निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और अब तक पूरे किए गए कार्यों की भी जानकारी ली। सकरी में करीब ₹11.75 करोड़ की लागत से 261 आवास तैयार किए गए हैं। इनमें फिलहाल अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य बाकी हैं।

बाउंड्रीवाल से लेकर बच्चों के खेल क्षेत्र तक के निर्देश
प्रमुख सचिव बोरा ने आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके साथ ही परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शेष कार्यों में तेजी लाने को कहा और 15 दिन बाद परियोजना की प्रगति की दोबारा समीक्षा करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान SUDA के CEO सुमित अग्रवाल, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
12 रूटों पर दौड़ेंगी 50 AC इलेक्ट्रिक बसें
इसके बाद प्रमुख सचिव ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो पहुंचकर PM ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के साथ बस स्टॉप को व्यवस्थित करने और वहां डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। डिस्प्ले बोर्ड के जरिए यात्रियों को बसों के समय और रूट की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जाएगी।
PM ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर में कुल 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 35 बसें 9 मीटर की, 15 बसें 7 मीटर की इन बसों का संचालन शहर के 12 प्रमुख मार्गों पर प्रस्तावित है।
रूट तय करते समय स्कूल-कॉलेज, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र, पर्यटन स्थलों और उच्च न्यायालय तक आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखा जा रहा है।
₹11.45 करोड़ से तैयार हो रहा ई-बस इंफ्रास्ट्रक्चर
ई-बसों के संचालन के लिए कोनी स्थित सिटी बस डिपो में टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए कुल ₹11.45 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसमें करीब: 8.37 करोड़ — सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर, 1.59 करोड़ — सब-स्टेशन, 1.49 करोड़ — हाई-वोल्टेज विद्युत कनेक्शन के लिए प्रावधान किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर का करीब 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन का लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हाई-वोल्टेज विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण CSPDCL द्वारा किया जाएगा।
यात्रियों के लिए कैफेटेरिया और रैन बसेरा भी
ई-बस टर्मिनल कॉम्प्लेक्स में यात्रियों की सुविधा के लिए कैफेटेरिया और रैन बसेरा विकसित करने की भी योजना है। परियोजना पूरी होने के बाद बिलासपुर में इलेक्ट्रिक बस सेवा के जरिए शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच सार्वजनिक परिवहन को नई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

