संजय कुमार अग्रवाल बने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को हाईकोर्ट का कार्यवाहक चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को मुख्य न्यायाधीश के पद के कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया है। अब वे कार्यवाहक चीफ जस्टिस के तौर पर हाईकोर्ट की न्यायिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभालेंगे।
बिलासपुर के रहने वाले हैं जस्टिस अग्रवाल
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल मूल रूप से बिलासपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा रतनपुर से पूरी की। इसके बाद गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से बीएससी और लॉ की पढ़ाई की। उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से मास्टर ऑफ लॉ की डिग्री भी हासिल की है।
जस्टिस अग्रवाल 1 मार्च 2002 से 29 फरवरी 2004 तक छत्तीसगढ़ के डिप्टी एडवोकेट जनरल रहे। इसके बाद 16 सितंबर 2013 को उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 8 मार्च 2016 को उन्होंने स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी।