CG-भाजी नहीं बनाई तो पत्नी की हत्या! आंगन में शव जलाया, हड्डियां दबाईं और खुद थाने पहुंचा पति

रायगढ़ में अंधे कत्ल का खौफनाक खुलासा: हत्या के बाद पति ने रची गुमशुदगी की कहानी, DNA रिपोर्ट ने खोल दिया राज


रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का खुलासा किया है। मामूली विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी, फिर उसी घर के आंगन में शव जला दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने जली हुई हड्डियों के अवशेषों को जमीन में दबा दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

लेकिन आरोपी की बनाई कहानी ज्यादा दिन नहीं चल सकी। पुलिस की जांच, FSL की पड़ताल और DNA रिपोर्ट ने पूरा राज खोल दिया। पुलिस ने आरोपी पति देवानंद सिदार (39) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

भाजी नहीं बनाई तो बढ़ गया विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका चमेली सिदार (26) और देवानंद की शादी करीब चार साल पहले प्रेम विवाह के जरिए हुई थी। दोनों की कोई संतान नहीं थी।

घटना 16 अप्रैल 2026 की रात की है। आरोपी के मुताबिक, उस रात भाजी नहीं बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में देवानंद ने चमेली का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने घटना छिपाने के लिए शव को घर के आंगन में ही जला दिया। जले हुए शव से बचे हड्डियों के अवशेषों को गड्ढा खोदकर पत्थरों के नीचे दबा दिया।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा और सुनाई झूठी कहानी

हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की पूरी योजना बनाई। 28 अप्रैल को वह खुद कापू थाने पहुंचा और पत्नी के 16 अप्रैल की रात से बिना बताए कहीं चले जाने की गुमशुदगी दर्ज करा दी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

शुरुआत में मामला गुमशुदगी का नजर आया, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयानों और उसके हाव-भाव में कई विरोधाभास दिखाई दिए।

आंगन की खुदाई में मिले जले हुए अवशेष

तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। संदेह गहराने पर पुलिस ने FSL टीम की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। जांच के दौरान घर के आंगन से जले हुए हड्डियों के अवशेष बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने इन अवशेषों का DNA परीक्षण कराया।

DNA रिपोर्ट सामने आते ही आरोपी की पूरी कहानी बेनकाब हो गई। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बरामद हड्डियों के अवशेष लापता चमेली सिदार के ही थे।

पुलिस की भनक लगी तो भाग निकला आरोपी

वैज्ञानिक साक्ष्य सामने आने के बाद पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज किया।

कार्रवाई की भनक लगते ही देवानंद फरार हो गया। इसके बाद कापू थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने करीब तीन दिनों तक गांव और आसपास के जंगल क्षेत्र में कैंप कर मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा। आखिरकार घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया गया।

कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या और शव को जलाकर सबूत मिटाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp