CG Excise Action: आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 उप निरीक्षक निलंबित; सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर भी गिरी गाज

रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए दो आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। वहीं, एक सहायक जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। विभागीय जांच में अनियमितताएं और प्रशासनिक लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
अधिक कीमत पर शराब बिक्री मामले में उप निरीक्षक निलंबित
पहला मामला बलौदाबाजार जिले का है। रोहासी क्षेत्र में अधिक कीमत पर शराब बिक्री की शिकायत के बाद आबकारी उप निरीक्षक पी. माधव राव को जांच सौंपी गई थी। हालांकि जांच में लापरवाही और अनियमितता की शिकायत मिलने पर दोबारा जांच कराई गई।
दूसरी जांच में कई गंभीर खामियां सामने आने के बाद आबकारी आयुक्त ने पी. माधव राव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रायपुर मुख्यालय में संबद्ध कर दिया।
53 पेटी शराब जब्ती मामले में दूसरी कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई बालोद जिले के गुरूर में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक आशा राम शाक्य के खिलाफ की गई। 30 जुलाई को धमतरी जिले के अर्जुनी क्षेत्र में 53 पेटी शराब जब्त की गई थी। जांच में यह शराब बालोद जिले की सरकारी मदिरा दुकान से संबंधित पाई गई।
मामले में विभागीय लापरवाही पाए जाने पर आशा राम शाक्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दुर्ग संभागीय उड़नदस्ता में संबद्ध किया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई की तैयारी
इसी मामले में बालोद की सहायक जिला आबकारी अधिकारी निलोफर जैन की भूमिका भी जांच के दायरे में आई। जांच रिपोर्ट के अनुसार वह संबंधित मदिरा दुकान की प्रभारी और मंडल प्रभारी थीं।
प्रशासनिक लापरवाही पाए जाने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेज दिया गया है। अब इस मामले में अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।
