छत्तीसगढ़ के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पदक विजेताओं को दी प्रोत्साहन राशि


रायपुर, 28 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में छत्तीसगढ़ के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत इस वर्ष के बजट में ₹100 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

एक निजी होटल में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति-निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, नामचीन खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की खोज, प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना के विकास पर मंथन किया।

‘खेलों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा कॉन्क्लेव’

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों से राज्य की खेल नीति को नई दिशा मिलेगी और यह कॉन्क्लेव खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी है, जिन्हें भविष्य में शासकीय सेवाओं में लाभ दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए राज्य में बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन किया गया। बस्तर ओलंपिक में लगभग 4 लाख और सरगुजा ओलंपिक में 3.5 लाख खिलाड़ियों ने भागीदारी की।

सुझावों के आधार पर बनेगी नई कार्ययोजना : अरुण साव

उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों को शामिल कर राज्य के लिए विस्तृत एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को मिली प्रोत्साहन राशि

मुख्यमंत्री ने इस वर्ष आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। राज्य ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य, कुल 19 पदक अपने नाम किए थे।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

प्रोत्साहन राशि के तहत—

  • स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को ₹2 लाख।
  • रजत पदक विजेताओं को ₹1.50 लाख।
  • कांस्य पदक विजेताओं को ₹1 लाख प्रदान किए गए।

टीम स्पर्धाओं में—

  • महिला फुटबॉल टीम (स्वर्ण) को ₹22 लाख।
  • पुरुष फुटबॉल टीम (रजत) को ₹16.50 लाख।
  • पुरुष हॉकी टीम (कांस्य) को ₹9 लाख की प्रोत्साहन राशि दी गई।

इन खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

भारोत्तोलन में निकिता ने स्वर्ण पदक जीता। रिषिका कश्यप (भारोत्तोलन), अनुष्का भगत (तैराकी), लक्ष्मण सोढ़ी, अभिषेक, डमरू कुमार, गजेंद्र ठाकुर और तिलक बारसे (एथलेटिक्स) ने रजत पदक जीते। वहीं मनीष कुमार (एथलेटिक्स), निखिल खलको (तैराकी) और लक्की बाबू (भारोत्तोलन) ने कांस्य पदक हासिल किए।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनॉलिस्ट रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन, खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल अधिकारी उपस्थित रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp