अस्पताल परिसर में दारु-मुर्गा पार्टी का वीडियो वायरल, लटोरी CHC के दो कर्मचारी निलंबित
सूरजपुर, 22 जुलाई 2026। सूरजपुर जिले के लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से जुड़े एक वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) सूरजपुर के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को अस्पताल परिसर में कुछ कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से मांसाहार करने और मदिरा सेवन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई।
जांच में प्रथम दृष्टया सामने आए तथ्यों के आधार पर वार्ड बॉय प्रेम कुशवाहा और फार्मासिस्ट ग्रेड-2 रंजीत जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि अस्पताल परिसर में इस प्रकार की गतिविधियां शासकीय सेवा आचरण नियमों के विपरीत हैं और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। इसी कारण दोनों कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है।
सीएमएचओ ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद जिले में सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी अस्पतालों में अनुशासनहीनता, सेवा नियमों के उल्लंघन अथवा संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

