CG-भाजपा विधायक पर FIR; विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों पर FIR, नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का लगा आरोप
अंबिकापुर, 28 मई 2026. सीतापुर में नायब तहसीलदार से कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज की है।
नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी शर्ट तक फट गई। उन्होंने मीडिया के सामने अपने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए। घटना के समय मौके पर एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एसडीएम ने बीच-बचाव कर तुषार मानिकपुरी को बचाने की कोशिश की, लेकिन विधायक समर्थकों ने उन्हें दूर हटा दिया।

घटना के बाद नायब तहसीलदार और एसडीएम दोनों सीधे कलेक्टर अजीत वसंत से मिलने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। शिकायत में कहा गया है कि राजापुर चौक पर सरकारी ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक रूप से अभद्रता और हमला किया गया।
वहीं दूसरी ओर विधायक रामकुमार टोप्पो की बड़ी बहन और कोटछाल निवासी सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। सीमा धनकी का कहना है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ भी जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।











