Bilaspur News: साइंस कॉलेज मैदान में फन फेयर पर रोक, प्रशासन ने अनुमति की निरस्ती
बिलासपुर में ई. राघवेंद्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार थम गया है। प्रशासन ने यहां प्रस्तावित फन फेयर अम्यूजमेंट पार्क मेला आयोजित करने की अनुमति रद्द कर दी है। यह मेला 30 अप्रैल से 8 जून तक लगाने की तैयारी थी।
जारी आदेश के अनुसार, अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM) कार्यालय द्वारा पहले दी गई अनुमति को निरस्त कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह मैदान केवल शैक्षणिक और खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित है, जबकि व्यावसायिक आयोजनों से पढ़ाई और खिलाड़ियों के अभ्यास पर असर पड़ रहा था।

पिछले कुछ समय से इस मैदान में विभिन्न सार्वजनिक और व्यावसायिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे थे, जिससे छात्रों और खिलाड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसको लेकर छात्रों और खेल प्रेमियों ने आपत्ति भी जताई थी।
मामले की समीक्षा के बाद प्रशासन ने सख्त फैसला लेते हुए फन फेयर पर रोक लगा दी और यह भी साफ कर दिया कि भविष्य में मैदान का उपयोग केवल खेल और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए ही होगा।

इस निर्णय से खिलाड़ियों और छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, अब यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में भी ऐसे नियम सख्ती से लागू किए जाएंगे।











