Trending

CG News: छत्तीसगढ़ में बिजली बिल अब आपके व्हाट्सएप पर, ऐसे कीजिए मोबाइल रजिस्टर्ड…एक क्लिक में पेमेंट,

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब प्रदेश के लोगों को बिजली का बिल व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराया जाएगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने इस नई डिजिटल सेवा की शुरुआत की है, जिससे उपभोक्ताओं को बिल प्राप्त करने और भुगतान करने में आसानी होगी।

बिजली विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर बिजली कनेक्शन से लिंक है, उन्हें हर माह बिजली बिल की पीडीएफ कॉपी सीधे व्हाट्सएप पर भेजी जाएगी। इसके साथ ही उसी मैसेज के जरिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

प्रदेश में करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 40 लाख उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज हैं। इनमें से बड़ी संख्या में उपभोक्ता व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं और वे इस सुविधा का सीधा लाभ उठा सकेंगे।

जो उपभोक्ता अभी तक इस सेवा से नहीं जुड़े हैं, वे ‘मोर बिजली ऐप’, टोल फ्री नंबर 1912 या नजदीकी बिजली कार्यालय में संपर्क कर अपना मोबाइल नंबर अपडेट करा सकते हैं।

बिजली विभाग का कहना है कि इस पहल से कागजी बिल पर होने वाला खर्च कम होगा, समय की बचत होगी और उपभोक्ताओं को डिजिटल व पारदर्शी सेवा मिलेगी। विभाग ने लोगों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।

Related Articles