CG-मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के नाम पर 500! जशपुर जिला अस्पताल के डॉक्टर पर रिश्वत का आरोप, वीडियो वायरल

जशपुर। जशपुर जिला अस्पताल में पदस्थ एक डॉक्टर पर मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र बनाने के एवज में ₹500 रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
आरोप डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल पर लगाया गया है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें डॉक्टर कथित तौर पर ₹500 लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें नजर आ रहे घटनाक्रम की वास्तविकता की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
CM हेल्पलाइन तक पहुंची शिकायत
मामले को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत सामने आने के बाद जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। प्रशासन ने वायरल वीडियो के साथ-साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी कलेक्टर कर रहे पूरे मामले की जांच
कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता, शिकायतकर्ता के आरोप और मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर है। यदि जांच में रिश्वत लेने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ विभागीय अथवा नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, जांच पूरी होने तक आरोपों को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो और रिश्वत के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
